Home छत्तीसगढ़ “बाइक फूंकने वाले ‘अन्ना’ की हेकड़ी निकली, बसंतपुर पुलिस ने चंद घंटों...

“बाइक फूंकने वाले ‘अन्ना’ की हेकड़ी निकली, बसंतपुर पुलिस ने चंद घंटों में भेजा सलाखों के पीछे!”

0

राजनांदगांव : बसंतपुर थाना क्षेत्र में घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। आगजनी में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे वाहन मालिक को करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ।पुलिस के अनुसार देवार मोहल्ला निवासी अन्ना सिंह मरकाम ने 21 मई की रात करीब 10 बजे मोहल्ले में खड़ी बॉक्सर मोटरसाइकिल पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक उठी लपटों और शोरगुल के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी।

पीड़ित की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एमन साहु ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अन्ना सिंह मरकाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने आगजनी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहु सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।