राजनांदगांव : शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर हुड़दंग मचाने और लोगों से गाली-गलौच करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के निर्देश और थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आदित्य मानकर विकास नगर लखोली में, भूपेंद्र यादव भरकापारा स्थित काली माई मंदिर के पास तथा मनप्रीत गुडैच और अमृत सिंह रेलवे स्टेशन के सामने आने-जाने वाले लोगों के साथ गाली-गलौच कर उत्पात मचा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
बताया गया कि चारों युवक पुलिस के समझाने के बावजूद आक्रामक हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



