कवर्धा: उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से कवर्धा शहर में युवाओं एवं अध्ययनशील नागरिकों की बहुप्रतीक्षित नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लगभग 4 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से निर्माण हो रहे नालंदा लाइब्रेरी का आज कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तेज गति से पूर्ण किया जाए। उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन भवनों के स्लैब ढलाई का कार्य आगामी जुलाई माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण कर विद्यार्थियों और छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि नालंदा लाइब्रेरी नगर के युवाओं, विद्यार्थियों एवं अध्ययनशील नागरिकों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगी। यह केवल एक लाइब्रेरी नहीं बल्कि ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी शिक्षा का आधुनिक केंद्र बनेगी, जहां युवा बेहतर वातावरण में अध्ययन कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व में शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकसित बनाने की दिशा में लगातार अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। नालंदा लाइब्रेरी भी उन्हीं प्रयासों का परिणाम है, जिससे जिले के युवाओं को लाभ प्राप्त होगा।
नालंदा लाइब्रेरी युवाओं के शैक्षणिक विकास में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका
नालंदा लाइब्रेरी का निर्माण लगभग डेढ़ एकड़ शासकीय भूमि पर किया जा रहा है। यह अत्याधुनिक तीन मंजिला भवन होगा, जिसमें 200 सीटर वातानुकूलित अध्ययन हॉल तैयार किया जाएगा। यहां राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। लाइब्रेरी में आधुनिक अध्ययन संसाधन एवं शांत वातावरण उपलब्ध रहेगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी में सहायता मिलेगी।नालंदा लाइब्रेरी कवर्धा सहित पूरे जिले के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र बनेगी तथा युवाओं के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चेतन साहू, तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोहित साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



