Home छत्तीसगढ़ शराब के नाम पर ‘धोखा’! पिथौरा की दुकान में बोतलों में मिलाया...

शराब के नाम पर ‘धोखा’! पिथौरा की दुकान में बोतलों में मिलाया जा रहा था पानी, 4 गिरफ्तार

0

महासमुंद : अगर आप शराब पीते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाकर बेचने के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को अचानक निरीक्षण के लिए पिथौरा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि दुकान में मौजूद कर्मचारी खुलेआम मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की पाव बोतलों का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान उमेश मन्नाडे, करन सोनटके, नारायण निषाद और हेमंत पटेल के रूप में हुई है। इनमें से दो कर्मचारी पिछले करीब दो वर्षों से उसी दुकान में कार्यरत थे, जबकि अन्य दो पिछले कई महीनों से वहां तैनात थे। लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ रहने के कारण इनका नेटवर्क मजबूत हो गया था और बिना किसी डर के ग्राहकों को मिलावटी शराब बेची जा रही थी।

आबकारी विभाग ने मौके से पानी मिलाई गई कई शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, दुकान में शराब में मिलावट का यह खेल काफी समय से चल रहा था, लेकिन विभागीय छापे के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना सामने आने के बाद शराब प्रेमियों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है।