इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 15 के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हर मैच में खेलने के साथ कई नए रिकॉर्ड्स बनाते जा रहे हैं, जिसमें ऐसा ही कुछ गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 मुकाबले में भी देखने को मिला। राजस्थान रॉयल्स की टीम न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी है, जिसमें उनकी शुरुआत तो अच्छी नहीं रही लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने एक छोर को संभाले रखा जिसमें उन्होंने जैसे ही अपनी पारी में 20 रनों का आंकड़ा पूरा किया उसी के साथ उन्होंने एक ऐसा कारनामा किया जो आईपीएल इतिहास में पहले कोई भी अनकैप्ड प्लेयर करने में कामयाब नहीं हो सका था।
वैभव 700 रनों का आंकड़ा पूरा करने वाले बने पहले अनकैप्ड खिलाड़ी
आईपीएल के 19 साल के इतिहास में अब तक किसी एक खिलाड़ी ने अकेले इतने रिकॉर्ड्स को नहीं तोड़ा है जितने सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ने एक सीजन में ध्वस्त कर दिए हैं। वैभव सूर्यवंशी ने जहां पहले ही अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में अपने नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को दर्ज करा लिया था, तो वहीं अब उन्होंने इसी में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने के साथ आईपीएल में पहले ऐसे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं जो एक सीजन में 700 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हो सके हैं। वहीं भारतीय खिलाड़ी के तौर पर एक सीजन में 700 या उससे अधिक रन बनाने वाले वैभव अब तक के सिर्फ 5वें खिलाड़ी हैं, जिसमें उनसे पहले विराट कोहली ने जहां 2 बार तो वहीं साई सुदर्शन, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल 1-1 बार ये कारनामा करने में कामयाब रहे हैं।
पावरप्ले में एक सीजन में 500 प्लस रन बनाने वाले बने पहले खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में अधिकतर रन चौके-छक्कों से बनते हुए देखने को मिलते हैं, जिसमें उन्होंने पहले ही जहां आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया था। वहीं गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 मैच में पहले 6 ओवर्स में वैभव के बल्ले से कुल 31 रन देखने को मिले जिसके दम पर वह आईपीएल इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जो पावरप्ले में 500 प्लस रन बनाने में कामयाब हो सके हैं। वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से पावरप्ले में आईपीएल 2026 के सीजन में कुल 521 रन देखने को मिले हैं।



