राजनांदगांव/घुमका : नगर पंचायत घुमका में 1 जून को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा स्वयं मैदान में उतरीं और अधिकारियों के साथ घुमका क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों, पहुंच मार्गों, संचार नेटवर्क और कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। इसके अलावा चुनाव सामग्री की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर की मौजूदगी में आयोजित इस निरीक्षण के दौरान चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आम मतदाताओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित किए जा रहे हैं ताकि मतदान दिवस पर लोग निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि घुमका चुनाव को लेकर सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार कर लिया गया है और हर संवेदनशील बिंदु पर विशेष नजर रखी जा रही है।



