बेमेतरा :सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत खेड़ा स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर एसडीएम नवागढ़ श्रीमती दिव्या पोटाई, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती माया हिरा बारले, मंडल अध्यक्ष श्री राकेश राजपुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली, नामांतरण, सीमांकन एवं कृषि संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न मांगों एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा। प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष मामलों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को उनके नए आवासों की चाबियां प्रदान की गईं। खाद्य विभाग द्वारा पांच हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए तथा पांच किसानों को किसान किताब प्रदान की गई। इसके अलावा तीन हितग्राहियों को फूड बास्केट का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 09 विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये तथा कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मछली पकड़ने के जाल भी वितरित किए गए।
जनता से सीधे संवाद कर आवेदन देने के लिए किया प्रेरित
मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं एवं मांगों को लिखित आवेदन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सुशासन तिहार के माध्यम से समस्याओं का मौके पर सत्यापन एवं त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश
मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
अपने उद्बोधन में मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है तथा 140 मीट्रिक टन से अधिक धान का उपार्जन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री श्री बघेल ने बताया कि प्रदेश में अब तक 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजनाओं को सुदृढ़ बनाकर प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
नवागढ़ क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की सौगात
मंत्री बघेल ने बताया कि दाढ़ी एवं कूरा में नए कॉलेजों का निर्माण प्रस्तावित है। नवागढ़ क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 11 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीसी रोड एवं मंगल भवन का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल को स्वीकृति प्रदान की गई है तथा 1 करोड़ 19 लाख 80 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी स्वीकृत किया गया है। साथ ही मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य लगातार किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
शिविर में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, जनपद पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की गई।



