Home छत्तीसगढ़ आंगन में खेल रही मासूम को वैन में उठाकर ले गए आरोपी,...

आंगन में खेल रही मासूम को वैन में उठाकर ले गए आरोपी, हाई अलर्ट के बाद छोड़कर भागे

0

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 2 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला कुछ ही घंटों में सुलझ गया, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए। कटेकल्याण थाना क्षेत्र के नदीकोंटा पारा में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अपने घर के आंगन में खेल रही मासूम तृप्ति का कथित रूप से फेरी लगाकर तिरपाल बेचने वाले लोग वैन में उठाकर ले गए। यह घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे जिले में तत्काल नाकेबंदी कर हाई अलर्ट जारी कर दिया। आसपास के जिलों को भी सूचना देकर संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस की सक्रियता, बच्ची को छोड़कर फरार हुए आरोपी

पुलिस की सक्रियता और सघन जांच के दबाव में आरोपी बच्ची को लेकर अधिक दूर नहीं जा सके। जानकारी के अनुसार, तुमकपाल क्षेत्र में आरोपियों ने मासूम को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

हालांकि, अपहरण में शामिल आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची सुरक्षित मिल गई है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।