Home छत्तीसगढ़ जिले मे अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई,5 हाईवा एवं...

जिले मे अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई,5 हाईवा एवं 1 जेसीबी मशीन जब्त, खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

0

बेमेतरा :  कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मनोधरपुर, तहसील नांदघाट में निरीक्षण एवं जांच के दौरान खनिज मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन तथा परिवहन का मामला पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

संयुक्त दल द्वारा मौके पर 05 हाईवा वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना मारो चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। वहीं अवैध उत्खनन में प्रयुक्त 01 जेसीबी चेन माउंटेड मशीन को भी जब्त कर नियमानुसार ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहनों एवं मशीन के विरुद्ध अवैध उत्खनन एवं परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।