Home क्रिकेट ICC ODI World Cup 2027: 48 दिन चलेगा महाकुंभ, 14 टीमें करेंगी...

ICC ODI World Cup 2027: 48 दिन चलेगा महाकुंभ, 14 टीमें करेंगी खिताब की जंग

0

वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन अगले साल किया जाएगा। अभी तक ये तो पता था कि अक्टूबर से लेकर नवंबर तक ये आईसीसी टूर्नामेंट खेला जाएगा, लेकिन अब इसकी तारीखें भी सामने आ गई हैं। हालांकि अभी तक आईसीसी ने इसका ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। जुलाई में ही आईसीसी की एक एजीएम है, इसमें कई बड़ी बातें सामने आ सकती हैं।

साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा अगले साल का विश्व कप क्रिकेट

अगले साल का वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इसके लिए टीमों ने अपनी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच पता चला है कि इस आईसीसी टूर्नामेंट का आयोजन चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक चल सकता है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार आईसीसी की मई में अहमदबाद में एक मी​टिंग हुई थी, उसी में तारीखों पर सहमति बन गई थी। इस बीच खबर ये भी है कि भले ही इस टूर्नामेंट के तीन मेजबान हों, लेकिन ज्यादातर मैच साउथ अफ्रीका के आठ वेन्यू पर कराए जा सकते हैं।

आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में खेले जाएंगे 54 मुकाबले

आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में कुल मिलाकर 54 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें से 41 मैच साउथ अफ्रीका में होने की बात सामने आ रही है। जिम्बाब्वे में आठ से दस मैच और नामीबिया को तीन मैच देने पर ​विचार चल रहा है। जिम्बाब्वे में तीन वेन्यू पर मैच कराए जा सकते हैं। साल 2003 के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है कि आईसीसी विश्व कप साउथ अफ्रीका में आयोजित कराया जा रहा है।

इस बार के विश्व कप में खेलेंगी 14 टीमें, सुपर ​सिक्स की भी वापसी

इस बार के विश्व कप की खास बात ये भी होने वाली है, इसमें कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले जब साल 2023 में भारत ​में विश्व कप हुआ था, तब 10 ही टीमों ने इसमें हिस्सा लिया था। सभी टीमों को सात सात के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद वे आपस में मैच खेलेंगी। साल 2003 के बाद सुपर सिक्स की भी वापसी हो रही है। इस टूर्नामेंट के लिए साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने मेजबान होने के ​नाते पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है, लेकिन नामीबिया को क्वालीफिकेशन राउंड खेलने पड़ रहे हैं, क्योंकि वो आईसीसी का फुल मैंबर नहीं है।