फुटबॉल की दुनिया में इस बार एक ऐसा देश इतिहास रचने जा रहा है, जहां भारत से दशकों पहले गए लोगों की एक छोटी सी आबादी रहती है। कैरेबियाई क्षेत्र का छोटा सा द्वीपीय देश कुरासाओ (Curaçao) पहली बार 2026 फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा है। महज करीब 1.7 लाख की आबादी और 444 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाला यह देश वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वाला आबादी और क्षेत्रफल दोनों के लिहाज से अब तक का सबसे छोटा देश बन गया है।
वेनेजुएला के उत्तर में स्थिति है कुरासाओ
कुरासाओ दक्षिणी कैरेबियाई सागर में स्थित एक द्वीपीय देश है, जो नीदरलैंड्स के साम्राज्य का हिस्सा है। यह वेनेजुएला के उत्तर में लगभग 65 किलोमीटर और अरूबा से करीब 80 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। देश में मुख्य कुरासाओ द्वीप के अलावा छोटा और निर्जन द्वीप क्लेन कुरासाओ भी शामिल है। साल 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, कुरासाओ की आबादी 1.7 लाख से थोड़ी ज्यादा है। इसकी राजधानी विलेमस्टाड (Willemstad) है। अरूबा और बोनेयर के साथ मिलकर यह प्रसिद्ध ABC द्वीप समूह का हिस्सा बनाता है।
संतरे की ड्रिंक के लिए दुनिया में है मशहूर
कुरासाओ दुनिया भर में अपने खास संतरे से बनने वाले प्रसिद्ध ‘कुरासाओ लिक्योर’ के लिए भी जाना जाता है। यह पेय स्थानीय ‘लाराहा’ नामक खट्टे फल के सूखे छिलकों से तैयार किया जाता है। नीदरलैंड्स के साम्राज्य के भीतर एक अलग देश का दर्जा हासिल करने के लिए कुरासाओ के लोगों ने लंबे समय तक कोशिश की। इन कोशिशों का ही नतीजा रहा कि वर्ष 2010 में कुरासाओ को स्वायत्तता प्राप्त हुई और यह नीदरलैंड्स के साम्राज्य के अंतर्गत एक स्वायत्त देश बन गया।
हिंदुओं और मुसलमानों की संख्या है बराबर
प्यू रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे बड़ी आबादी ईसाइयों की है। लगभग 94 प्रतिशत लोग ईसाई धर्म का पालन करते हैं। वहीं करीब 3.3 प्रतिशत लोग किसी धर्म से जुड़े नहीं हैं। बौद्ध, यहूदी, मुस्लिम और हिंदू समुदाय भी यहां रहते हैं। अनुमानित आंकड़ों के अनुसार कुरासाओ में हिंदुओं और मुसलमानों की संख्या बराबर है। दोनों समुदायों के करीब 340-340 अनुयायी हैं, जो कुल आबादी का लगभग 0.2 प्रतिशत हैं। वहीं, इस देश में 849 बौद्ध और 510 यहूदी भी रहते हैं।
पहली बार वर्ल्ड कप में पहुंचा है कुरासाओ
कुरासाओ ने 18 नवंबर 2025 को अपने क्वालिफाइंग ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया था। इसके साथ ही उसने आइसलैंड का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे छोटा क्वालिफायर बनने का गौरव हासिल किया। 2026 फीफा वर्ल्ड कप में कुरासाओ को ग्रुप-ई में रखा गया है। उसका पहला मुकाबला 14 जून 2026 को जर्मनी के खिलाफ अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित NRG स्टेडियम में होगा। इसके बाद 20 जून को इक्वाडोर और 25 जून को आइवरी कोस्ट से उसका मुकाबला होगा।
छोटे से देश के लिए गर्व का है बड़ा मौका
करीब डेढ़ लाख की आबादी वाला यह छोटा देश अब दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। सीमित संसाधनों के बावजूद वर्ल्ड कप तक पहुंचना कुरासाओ के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं माना जा रहा है। देशभर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसे अपने इतिहास की सबसे बड़ी खेल उपलब्धियों में से एक मान रहे हैं।



