Home देश होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हमला! भारतीय नागरिक लापता, विदेश मंत्रालय ने जारी...

होर्मुज स्ट्रेट में बड़ा हमला! भारतीय नागरिक लापता, विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

0

होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज, GFS गैलेक्सी पर ईरान ने हमला कर दिया। इस जहाज में 11 भारतीय भी सवार थे। हालांकि हमले के बाद 10 लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय लापता है। वहीं भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा की।

विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर है।” बयान में यह भी कहा गया कि “मंत्रालय खोज और बचाव अभियान के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है। हम ओमान के अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।”

विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, “इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बहुत चिंताजनक हैं। हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके। क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मुताबिक, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल होना चाहिए।”

मिडिल ईस्ट में फिर से बढ़ा तनाव
बता दें कि मिडिल-ईस्ट में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है। अमेरिका ने ईरान पर नए सिरे से हमला शुरू कर दिया है। अमेरिकी सेना ने जमीन और समुद्र से चलने वाले लड़ाकू विमानों, ड्रोन और नौसैनिक जहाजों से सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का इस्तेमाल करके ईरान के लगभग 140 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। इसके जवाब में, ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर और UAE में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव फिर से बढ़ गया। दूसरी तरफ संयुक्त अरब अमीरात ने मिसाइल और ड्रोन हमले की चेतावनी जारी की है, क्योंकि पड़ोसी देश कतर में धमाकों की आवाज सुनी गई थी। धमाकों के कुछ ही देर बाद, पूरे कतर में मिसाइल सायरन बजने लगे। बाद में कतर की सेना ने एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि उसने ईरान की ओर से आ रही मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया था।