सावन का महीना आते ही त्योहारों की झड़ी लग जाती है। पूरे माह छोटे-बड़े कई त्योहार आते हैं। सावन में तीज का भी बहुत महत्व है। सावन की तीज को हरियाली तीज कहा जाता है। महिलाओं का यह पर्व अखंड सौभाग्य देने वाला होता है।
इस वर्ष 30 जुलाई गुरुवार के दिन से सावन का महीना लग रहा है। ऐसे में महिलाओं में हरियाली तीज की तिथि जानने की उत्सुकता अभी से बढ़ गई है। तो चलिए हम आपको हरियाली तीज की तिथि, शुभ मुहूर्त और इस दिन व्रत रखने का महत्व बताते हैं।
14 या 15 अगस्त कब है हरियाली तीज ?
हरियाली तीज का त्योहार इस वर्ष 15 अगस्त को मनाया जाएगा क्योंकि 14 अगस्त को शाम 6 बजकर 47 मिनट पर तृतीया तिथि लगेगी, वहीं 15 तारीख को शाम 5 बजकर 29 मिनट पर यह तिथि समाप्त होगी। इस लिहाज से उदया तिथि शनिवार की मानी जाएगी। इस दिन महिलाएं तीज माता का व्रत रख सकती हैं और पूजा-पाठ कर सकती हैं।
अत: सही तिथि और शुभ मुहूर्त पर हरिया तीज का त्योहार मनाने और व्रत-पूजा करने से शुभ फल जरूर प्राप्त होते हैं।



