Home देश ‘मन की बात’ में PM मोदी की बड़ी अपील- ‘हर घर फहराएं...

‘मन की बात’ में PM मोदी की बड़ी अपील- ‘हर घर फहराएं तिरंगा’, कारगिल के वीरों को किया नमन; रक्षा से लेकर स्पेस तक गिनाईं भारत की उपलब्धियां

0

नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस, भारत की बढ़ती रक्षा तकनीक, बारिश के पानी के संरक्षण, खेल, अंतरिक्ष क्षेत्र, ओलंपियाड में छात्रों की सफलता, पर्यावरण संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात की।

कारगिल के वीर जवानों को पीएम मोदी ने किया नमन

कारगिल विजय दिवस का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 26 जुलाई ऐसी तारीख है, जिसे याद करने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। यह दिन हमें गर्व से भर देता है और हमारे वीर जवानों के अद्भुत साहस की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि कारगिल की ऊंची चोटियों, कठिन मौसम और दुश्मन की चुनौती के बावजूद भारतीय सैनिकों का हौसला हर चुनौती से बड़ा था। उन्होंने मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर सभी वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

भारत की बढ़ती रक्षा ताकत का किया जिक्र

पीएम मोदी ने भारत की बढ़ती तकनीकी और रक्षा क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वदेशी रक्षा तकनीक, INS महेंद्रगिरि, पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल के परीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि भारत रक्षा उत्पादन और रक्षा निर्यात के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दुनिया का भरोसा भारत के रक्षा उपकरणों और तकनीक पर लगातार बढ़ रहा है।

बारिश की हर बूंद सहेजने की अपील

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से बारिश के पानी को सहेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब बारिश हो तो पानी को वहीं सहेजना चाहिए। देशभर में बारिश के पानी के संचयन, भूजल रिचार्ज, पुराने जलस्रोतों के पुनर्जीवन और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने लोगों से अपने आसपास किसी एक तालाब, कुएं या बावड़ी की जिम्मेदारी लेने और पानी की हर बूंद बचाने का आह्वान किया।

खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना

पीएम मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने पीवी सिंधु की जापान ओपन जीत और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट जीत का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि देश के युवा खेलों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।

विक्रम-1 लॉन्च को बताया ऐतिहासिक पल

प्रधानमंत्री ने भारत के स्पेस सेक्टर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विक्रम-1 के सफल लॉन्च को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत के निजी क्षेत्र द्वारा विकसित रॉकेट है और देश के युवा इनोवेटर्स ने अपनी स्किल, जुनून और धैर्य से बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

फिजिक्स ओलंपियाड में भारत की सफलता का जिक्र

पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि फिजिक्स ओलंपियाड में भारत ने पहली रैंक हासिल की और सभी पांच छात्रों ने गोल्ड मेडल जीते। इसके अलावा केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथेमेटिक्स ओलंपियाड में भी भारतीय छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया।

कश्मीर की ‘वगू’ चटाई और बिजनौर की हर्बल चाय का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कश्मीर की पारंपरिक ‘वगू’ चटाई को नया जीवन देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना जरूरी है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के बिजनौर की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि स्थानीय ज्ञान, प्रकृति और महिलाओं का आत्मविश्वास मिलकर बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकता है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की तारीफ

पीएम मोदी ने अहमदाबाद में जनभागीदारी से हुए बड़े पौधरोपण अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने मिलकर पौधे लगाए और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र घने शहरी वन का रूप लेगा।

उन्होंने गुजरात के गिर जंगलों में करीब छह दशक बाद इंडियन ग्रे हॉर्नबिल की वापसी का भी जिक्र किया और इसे संरक्षण प्रयासों का परिणाम बताया।

प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ संदेश

पीएम मोदी ने प्लास्टिक प्रदूषण को वैश्विक पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए इसके उचित निपटान पर जोर दिया। उन्होंने बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे को रीसायकल कर बेंच बनाने की पहल का उदाहरण दिया और कहा कि यह ‘वेस्ट टू वेल्थ’ का शानदार मॉडल है।

मणिपुर की लोकटक झील का ब्रह्मांड से कनेक्शन

प्रधानमंत्री ने मणिपुर की लोकटक झील का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जापान में कार्यरत एस्ट्रोफिजिसिस्ट डॉ. रोनाल्ड लैश्राम एक ऐसी टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसने युवा आकाशगंगाओं के एक विशाल समूह की खोज की। इस समूह का नाम लोकटक झील से प्रेरित होकर ‘Loktak proto-cluster’ रखा गया।

‘वोकल फॉर लोकल’ को मजबूत करने की अपील

पीएम मोदी ने देशवासियों से हथकरघा और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि हर हस्तनिर्मित परिधान के पीछे किसी क्षेत्र, समुदाय और उससे जुड़े लोगों की कहानी होती है। उन्होंने लोगों से बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों का सम्मान करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील

‘मन की बात’ के अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों से इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घर पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं।