Home खेल वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किया कमाल, भारत को...

वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किया कमाल, भारत को दिलाया दूसरा मेडल

0

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह चनामबम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश के लिए दूसरा मेडल जीता है। उन्होंने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में कुल 264 किलोग्राम (स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों मिलाकर) वजन उठाकर सिल्वर मेडल हासिल किया। ऋषिकांत की इस उपलब्धि से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।

स्नैच राउंड में ऋषिकांत सिंह का प्रदर्शन रहा शानदार

इस मुकाबले में ऋषिकांत सिंह का प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा। उन्होंने स्नैच राउंड में 121 किलोग्राम वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स में एक नया रिकॉर्ड बना दिया। क्लीन एंड जर्क राउंड में उन्हें थोड़ी मुश्किल हुई और वे अपने इकलौते सही प्रयास में 143 किलोग्राम वजन ही उठा पाए। लेकिन स्नैच में बनाए रिकॉर्ड और कुल 264 किलोग्राम वजन उठाने की बदौलत वे भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे। बता दें कि मलेशिया के अनिक कासदान ने कुल 273 किग्रा (121+152) वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं केन्या के जोशुआ मबोया ने 255 किग्रा के साथ कांस्य पदक जीता।

कौन हैं ऋषिकांत सिंह?

मणिपुर के इम्फाल वेस्ट के रहने वाले ऋषिकांत सिंह ने भारतीय सेना में खेल की ट्रेनिंग ली है। वे कम वजन वाली कैटेगरी में भारत के सबसे भरोसेमंद वेटलिफ्टरों में से एक माने जाते हैं। साल 2025 में अहमदाबाद में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। यह उनके करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था, जिसकी वजह से कॉमनवेल्थ गेम्स में उनकी जगह पक्की हो गई। ऋषिकांत सिंह ने अहमदाबाद में हुई ‘कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025’ में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 271 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसमें उन्होंने स्नैच राउंड में 120 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क राउंड में 151 किलोग्राम वजन उठाया था।

2022 में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में लिया था हिस्सा

ऋषिकांत सिंह ने 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार भाग लिया था, जहाँ उन्होंने 55 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला किया था। इसके बाद, वे ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने वर्ग के मौजूदा चैंपियन के रूप में 60 किलोग्राम श्रेणी में उतरे हैं। उन्होंने 2025 की ‘वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप’ में भी हिस्सा लिया था, जहां 60 किलोग्राम वर्ग में कुल 269 किलोग्राम वजन उठाकर वे 11वें स्थान पर रहे थे। इससे पहले, 2024 की ‘नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप’ के 61 किलोग्राम वर्ग में उन्होंने स्नैच राउंड में 124 किलोग्राम वजन उठाकर एक नया रिकॉर्ड बनाया था।