Home मनोरंजन ‘रामायण’ ट्रेलर का सबसे बड़ा सस्पेंस! भगवान विष्णु बने कौन? फैंस ने...

‘रामायण’ ट्रेलर का सबसे बड़ा सस्पेंस! भगवान विष्णु बने कौन? फैंस ने लगाए महेश बाबू, रणबीर और सौरभ राज जैन के नाम

0

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जहां रणबीर कपूर के श्रीराम और भगवान परशुराम के किरदार को लेकर दर्शकों में उत्साह है, वहीं ट्रेलर में दिखाई गई भगवान विष्णु की एक छोटी-सी झलक ने नया सस्पेंस खड़ा कर दिया है। अब फैंस इस बात का अंदाजा लगाने में जुटे हैं कि आखिर भगवान विष्णु की भूमिका में कौन नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का दावा है कि भगवान विष्णु के रूप में अभिनेता सौरभ राज जैन दिखाई दे रहे हैं। सौरभ इससे पहले ‘महाभारत’ में श्रीकृष्ण और ‘देवों के देव महादेव’ में भगवान विष्णु का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत चुके हैं। उनके लुक और एक्सप्रेशन को देखकर कई फैंस उन्हें ही इस किरदार का चेहरा मान रहे हैं।

वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि ट्रेलर में दिखा चेहरा महेश बाबू का हो सकता है। इसी बीच एक और चर्चा यह भी है कि रणबीर कपूर खुद श्रीराम और भगवान परशुराम के साथ-साथ भगवान विष्णु की भूमिका भी निभा रहे हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अब तक इस रहस्य पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

ट्रेलर की शुरुआत यश के दमदार रावण अवतार से होती है, जहां वह खुद को तीनों लोकों का स्वामी बताता है। इसके बाद भगवान विष्णु श्रीराम के रूप में अवतार लेते हैं। ट्रेलर में श्रीराम का वनवास, सीता स्वयंवर, लक्ष्मण के साथ वनगमन और रावण द्वारा माता सीता के हरण तक की झलक दिखाई गई है। फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।

नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित यह मेगा बजट फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट-1’ इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।