बेमेतरा : अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा जिले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में बेमेतरा पुलिस द्वारा जिले में सतत विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी बनाने संवेदनशील क्षेत्रों, अड्डेबाजी स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार पैदल गश्त, पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा के थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरज प्रकाश जांगडे, प्रधान आरक्षक अनंत कोठारी, भुषण ठाकुर, आरक्षक महेश जांगडे संजय मिरे, पुना सिंह सहित पेट्रोलिंग टीम एवं अन्य पुलिस बल द्वारा थाना क्षेत्र में पैदल गश्त एवं सघन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शहर के चौपाटी सहित भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, होटल, ढाबों तथा सुनसान क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान अड्डेबाजी करने वालों, नशा करने वालों, गुटबाजी में शामिल व्यक्तियों एवं संदिग्ध लोगों की गहन जांच की गई। साथ ही संदिग्ध वाहनों की डिक्की की तलाशी लेकर रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा पार्क, मैदान, चौक-चौराहों एवं चार पहिया वाहनों के भीतर बैठकर शराब पीने वालों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
लगातार की जा रही विजिबल पुलिसिंग एवं सघन गश्त का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।



