कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रिहायशी इलाकों में भालुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है. गोवंदिपुर क्षेत्र में खाने की तलाश में पहुंचा भालू घर में घुस गया. किचन से बर्तनों की आवाज आने पर घरवाले सतर्क हो गए. उन्होंने जब पास जाकर देखा तो भीतर भालू मौजूद था. इसी तरह सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में भी दो भालु ने दरवाजे तोड़कर घर में प्रवेश करने की कोशिश करते रहे.
घर के किचन में घुसे भालू
गोविंदपुर की घटना में रात के समय घर में सो रहे लोगों को अचानक किचन से बर्तनों और अन्य सामान के गिरने-खिसकने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए. जब उन्होंने पास जाकर देखा तो किचन के अंदर भालू मौजूद था. जैसे ही भालू की नजर परिवार के सदस्यों पर पड़ी, वह उनकी ओर झपटने लगा. घबराए परिवार के लोगों ने तुरंत अपने कमरों के दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया. कुछ देर बाद वह खुद ही चले गए.
मौके पर पहुंच वन विभाग की टीम
सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में भी रात करीब 2 बजे दो भालू घरों में घुसने की कोशिश करने लगे. इसकी भनक लगते ही लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क किया. इस दौरान भालू कॉलोनी के कई घरों में घुसने की कोशिश करते रहे और दरवाजे तोड़ने का प्रयास भी किया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. कॉलोनीवासियों के साथ मिलकर भालुओं को खदेड़ा गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.



