देवभोग : ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा के कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात करीब 12:49 बजे थाना देवभोग क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित NH-130C चेक पोस्ट पर MCP चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान धरमगढ़, ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर जांच की गई। वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके पैकेट दिखाई दिए। तलाशी लेने पर इनमें गांजा भरा हुआ मिला।
वाहन में सवार संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उनके आगे एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर दो लोग रास्ता बताते हुए चल रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आयशर वाहन की छत से कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, आयशर वाहन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के ग्राम डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया और गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त बताई गई 5 लाख रुपये की राशि बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ थाना देवभोग में अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(C) NDPS Act में कार्रवाई की जा रही है।
2.27 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुलिस ने बताया कि मामले में 400 किलो गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये, आयशर वाहन करीब 20 लाख रुपये, मोटरसाइकिल करीब 50 हजार रुपये, मोबाइल फोन करीब 15 हजार रुपये, नगद 1.50 लाख रुपये तथा गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त बताई गई 5 लाख रुपये की राशि जब्त की गई है। इस प्रकार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 2.27 करोड़ रुपये बताई गई है।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर लगातार MCP चेकिंग एवं निगरानी के जरिए गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी है।



