रायपुर :भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज (2 सितंबर) को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर आएंगे. एक दिवसीय दौरे पर वह एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम की पूरी तैयारियां कर ली गईं हैं. वहीं शहर में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
उपराष्ट्रपति के दौरे का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन आज सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे. इसके बाद वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे. उपराष्ट्रपति सुबह 11 बजे से एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. समारोह में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां और उपाधि वितरण कार्यक्रम चलेगा.
दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना
दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दोपहर 12:30 बजे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. जिसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

कार्यक्रम में इनकी भी रहेगी मौजूदगी
उपराष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ ही एम्स के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक एवं एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल के साथ ही केंद्र के पीएमएसवाय डायरेक्टर सचिन कुमार विशेष रुप से कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. इनके अलावा राज्यपाल रेमन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी समारोह में रहेंगे.



