रायपुर : छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जांच और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और पैनिक होने की जरूरत नहीं है।
स्वाइन फ्लू के 152 मरीज, 38 एक्टिव
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक स्वाइन फ्लू के 152 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 114 मरीज स्वस्थ होकर ठीक हो चुके हैं, जबकि 38 मरीज अभी एक्टिव हैं। वहीं, प्रदेश में कोरोना के भी 2 मरीज मिले हैं।
मेकाहारा में जांच की पूरी व्यवस्था
श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कोरोना और स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं। जिला अस्पताल और मेकाहारा में जांच की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि संक्रमण को लेकर अनावश्यक डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षणों को नजरअंदाज भी न करें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए पहले लगाए गए टीकों की वजह से लोगों में प्रतिरोधक क्षमता बनी हुई है। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू या कोरोना के लक्षण नजर आने पर किसी भी तरह की लापरवाही न करें। लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच और आवश्यक इलाज करवाएं। समय पर जांच और उपचार से संक्रमण को गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।



