कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित NTPC प्लांट में 36 घंटे की मशक्कत के बाद बिजली उत्पादन को लेकर बड़ी राहत मिली है। ट्रिप हुई सात इकाइयों में से तीन यूनिटों को बहाल कर लिया गया है। इन इकाइयों से दोबारा बिजली उत्पादन शुरू हो गया है, जबकि शेष चार यूनिटों को चालू करने के लिए मरम्मत और तकनीकी जांच का काम जारी है।
1200 मेगावाट बिजली उत्पादन शुरू
NTPC कोरबा प्लांट की तीन इकाइयों को दोपहर करीब 2 बजे तक बहाल कर लिया गया। इनमें 500 मेगावाट क्षमता की दो यूनिट और 200 मेगावाट की एक यूनिट शामिल हैं।
इन तीनों इकाइयों के चालू होने के साथ ही कुल 1200 मेगावाट बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। 2600 मेगावाट क्षमता वाले NTPC कोरबा प्लांट में सभी सात यूनिटों के ट्रिप होने के बाद बिजली व्यवस्था को लेकर बनी स्थिति के बीच इसे बड़ी राहत माना जा रहा है।
चार यूनिटों को चालू करने का काम जारी
NTPC की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष ने तीन यूनिटों की बहाली की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीन इकाइयों को चालू कर लिया गया है, जबकि बाकी चार यूनिटों की बहाली के लिए काम लगातार जारी है।
Power Grid के ब्रेकर टेस्टिंग के दौरान आया था फॉल्ट
बताया गया है कि Power Grid Corporation के ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान तकनीकी फॉल्ट आया था। इसके बाद NTPC कोरबा की सभी सात इकाइयां ट्रिप हो गई थीं। इसके चलते प्लांट से बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया था।
अब तीन इकाइयों से उत्पादन शुरू होने के बाद स्थिति में सुधार आया है। बाकी चार यूनिटों के भी जल्द बहाल होने की उम्मीद है।



