Home छत्तीसगढ़ सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रहे ग्रामीणों से भरी...

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दशगात्र से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी, 15 घायल, 3 गंभीर

1
0

सारंगढ़-बिलाईगढ़: जिले के सरिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम परसापाली के पास दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम परसापाली के ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी ग्रामीण वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान परसापाली के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

पिकअप के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और प्रत्यक्षदर्शी मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। करीब 15 घायलों में से तीन की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आवश्यक चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है।

 मालवाहक पिकअप में सवारी, फिर हादसा

इस घटना ने एक बार फिर मालवाहक पिकअप वाहनों में यात्रियों को बैठाकर सफर कराने के खतरे को सामने ला दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में इस तरह का यह दूसरा बड़ा हादसा है।

मालवाहक वाहनों में यात्रियों के आवागमन पर प्रतिबंध के बावजूद ग्रामीणों का ऐसे वाहनों में सफर करना गंभीर चिंता का विषय है। क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर यात्रा करने से हादसे की स्थिति में जान का जोखिम और बढ़ जाता है।

फिलहाल सरिया पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की स्थिति की जांच कर रही है।