रायपुर: वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में तीज महोत्सव का आयोजन सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में किया गया। पारिवारिक एवं सामाजिक माहौल में आयोजित इस समारोह में लोक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता के साथ तीज सुंदरी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विप्र महिलाएं एवं युवतियां शामिल हुईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी दीप्ति दुबे और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. मीनाक्षी बाजपेयी और नृत्य शिक्षिका उषा शर्मा शामिल थीं।
लोक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
तीज महोत्सव के दौरान आयोजित फोक एवं क्लासिकल डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल नृत्य वर्ग में सरोज शर्मा ने प्रथम और सोनम राय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
युगल नृत्य वर्ग में वंशिका ठाकुर एवं स्तुति शुक्ला की जोड़ी प्रथम रही, जबकि सीमा एवं अभिलाषा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं समूह नृत्य में महिषासुर मर्दनी ग्रुप ने पहला और पंजाबी वुमेन वेलफेयर सोसायटी ग्रुप ने दूसरा स्थान हासिल किया।
स्निग्धा शर्मा बनीं तीज सुंदरी
तीज सुंदरी प्रतियोगिता समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। प्रतियोगिता में शामिल महिलाओं ने रैंपवॉक किया और निर्णायकों के सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में स्निग्धा शर्मा को तीज सुंदरी चुना गया, जबकि जसविंदर कौर उपविजेता रहीं। विजेता एवं उपविजेता को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी सम्मान पत्र प्रदान किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
तीज महोत्सव के सफल आयोजन में महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुणानिधि मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव सुरेश मिश्रा, प्रदेश महासचिव डॉ. सुनील ओझा, प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री, सांस्कृतिक सचिव प्रीति मिश्रा, महिला महासचिव सुमन मिश्रा, महिला उपाध्यक्ष बबिता मिश्रा, महिला सचिव वीणा मिश्रा, मीडिया प्रभारी सुमन पांडेय, महिला सचिव अनिता राव और वीणा ठाकुर की प्रमुख भूमिका रही।
कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष नितिन कुमार झा, कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष अरुण शुक्ला, लेखक एवं व्यंग्यकार स्नेहलता पाठक, सनाढ्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राजेंद्र दुबे, अखंड ब्राह्मण समाज से योगेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



