Home छत्तीसगढ़ आरक्षण पर छिड़ी बहस के बीच आठवले का दो टूक जवाब, बोले-...

आरक्षण पर छिड़ी बहस के बीच आठवले का दो टूक जवाब, बोले- जातिवाद खत्म होने पर छोड़ देंगे आरक्षण

4
0

रायपुर: देशभर में आरक्षण व्यवस्था को लेकर जारी बहस और विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान बड़ा बयान दिया है। रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर देश से जातिवाद पूरी तरह खत्म हो जाता है तो वह आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जातिवाद और सामाजिक भेदभाव की स्थिति बनी हुई है, तब तक आरक्षण व्यवस्था जारी रहनी चाहिए।

‘आज भी दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार होते हैं’

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने आरक्षण का विरोध करने वालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत में जातिगत आधार पर आरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि संविधान में अस्पृश्यता को समाप्त करने का प्रावधान किया गया है, लेकिन इसके बावजूद आज भी दलितों और आदिवासियों के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं।

आठवले ने कहा कि जातिवाद खत्म होने की स्थिति में आरक्षण पर पुनर्विचार किया जा सकता है, लेकिन जब तक जातिगत भेदभाव मौजूद है, तब तक आरक्षण की जरूरत बनी रहेगी। उन्होंने आरक्षण का विरोध नहीं करने की अपील भी की।

कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने दलितों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब केवल टिप्पणी करने तक सीमित रह गया है और देश का विकास करने में सक्षम नहीं है।

आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार दलितों के हित में काम कर रही है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

रायपुर और बिलासपुर में होंगे कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर और बिलासपुर में उनके विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। रायपुर में नगर निगम के अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं को लेकर बैठक होगी।

बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक पहुंच की जानकारी ली जाएगी।