Home छत्तीसगढ़ सड़क से शिक्षा और स्वास्थ्य तक बदलेगी सक्ती की तस्वीर, 121.70 करोड़...

सड़क से शिक्षा और स्वास्थ्य तक बदलेगी सक्ती की तस्वीर, 121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों की सौगात

8
0

सक्ती : सक्ती जिले के विकास को नई गति देने के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में 121 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े इन कार्यों से जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।

कुल 38 कार्यों में 79.25 करोड़ रुपये के 23 कार्यों का भूमिपूजन और 42.46 करोड़ रुपये के 15 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

37 किलोमीटर से अधिक सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

भूमिपूजन वाले प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। यह सड़क देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा और चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक बनाई जाएगी।

इसी तरह करीब 15.30 करोड़ रुपये की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग समेत कई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।

शिक्षा और युवाओं के लिए नए भवन

कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती का नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा का अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से जिले के विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य और महिला सुविधाओं पर भी जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों को भी मंजूरी दी गई।

42.46 करोड़ के 15 कार्य जनता को समर्पित

लोकार्पित प्रमुख कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र में करीब 14.35 करोड़ रुपये की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क तथा करीब 11.35 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण शामिल है।

इसके अलावा बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।

जल, प्रशासन और सुरक्षा से जुड़े कार्य भी शामिल

कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन समेत अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा, पूर्व मंत्री मेघाराम साहू, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, डॉ. खिलावन साहू और केशव चंद्रा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

प्रशासन की ओर से कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।