रायपुर: राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने करीब एक दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार रात मेकाहारा अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के पुराने प्रेम संबंध और मुलाकात के दौरान विवाद की बात सामने आई है।
मामले में पुलिस आरोपी युवक की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के दौरान वर्ष 2021 में महिला की सास पर हुए कथित हमले का मामला भी सामने आया है, जिसके तार वर्तमान घटना से जोड़कर देखे जा रहे हैं।
65 से 70 फीसदी झुलसी हालत में मिली महिला
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने एक महिला को गंभीर रूप से झुलसी हालत में देखा। महिला दर्द से चीख-चिल्ला रही थी।
सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि महिला करीब 65 से 70 फीसदी झुलस गई थी।
सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पांच साल पहले पति से अलग हुई थी महिला
मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेले रहकर घरेलू काम करती थी।
मिलने के लिए बुलाया, पेट्रोल लेकर पहुंचने का आरोप
एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। घटना वाली रात वीरू ने ही राजकुमारी को मिलने के लिए बुलाया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोप है कि वीरू कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। आशंका जताई जा रही है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
2021 में महिला की सास पर हमले का भी आरोप
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी वीरू से जुड़े एक पुराने मामले की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि 2021 में वह आरंग के मोखला गांव पहुंचा था, जहां राजकुमारी की सास पर कथित तौर पर टंगिये से हमला किया गया था।
पुलिस अब इस पुराने मामले की भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसका वर्तमान घटना से कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस खंगाल रही पूरे घटनाक्रम की कड़ियां
महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल की परिस्थितियों, आरोपी और मृतका के बीच संबंध, मुलाकात के दौरान हुए विवाद तथा पेट्रोल लेकर पहुंचने के आरोप समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं, वर्ष 2021 के कथित हमले और वर्तमान घटना के बीच किसी संभावित कड़ी की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपी की भूमिका की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



