रायगढ़ : धरमजयगढ़ क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लाखों रुपये के खाद्यान्न की कमी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शहनवाज उर्फ मौसम खान (49) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। दोनों मामलों में कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी।
ससकोबा की राशन दुकान में 12.89 लाख की गड़बड़ी
खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। खाद्य विभाग ने इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अगस्त महीने में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया था। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है।
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी
इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में भी भारी गड़बड़ी सामने आई। जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। खाद्य विभाग के अनुसार, इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।
जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाना पाया गया। इसमें अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान, पिता याकुब खान, उम्र 49 वर्ष, निवासी पीपरमार, थाना धरमजयगढ़ की भूमिका सामने आई।
खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर तीनों के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अस्पताल में भर्ती होने की मिली थी सूचना
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान पुलिस को शहनवाज के अपने गांव में देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और शहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में अभी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। इनमें ससकोबा उचित मूल्य दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



