Home छत्तीसगढ़ सक्ती में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, नुक्कड़ नाटक से लेकर गांव-गांव...

सक्ती में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान, नुक्कड़ नाटक से लेकर गांव-गांव मुनादी तक… कलेक्टर ने तय की पूरी रणनीति

4
0

सक्ती : जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का प्रभावी और व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गांव-गांव होगी ‘सरकार आपके द्वार’ की मुनादी

कलेक्टर ने 1 से 7 अक्टूबर के बीच आयोजित होने वाले ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित शिविर स्थलों की जानकारी गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर मुनादी कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचनी चाहिए, ताकि पात्र हितग्राही शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठा सकें।

शिविरों में उचित बैठक व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं और आवेदनों का मौके पर निराकरण करने की दिशा में काम किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का होगा प्रचार

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न चिन्हांकित स्थलों पर संगीतमय नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने इन कार्यक्रमों को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि मनोरंजक माध्यम से आम लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी मिल सके।

‘आशीर्वाद का दीया’ से हुई अभियान की शुरुआत

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान-जनभागीदारी से एक सेवा कार्य’ पहल के तहत भी जिले में विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, एनजीओ, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट सहित आम नागरिकों को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए, ताकि इच्छुक नागरिक सेवा कार्यों में अपनी भागीदारी निभा सकें।

ई-ऑफिस में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से अधिक से अधिक फाइलों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों की नियमित समीक्षा कर पात्र लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन और सेवा सेतु के आवेदनों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु एप से प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जनदर्शन और जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।

जाति प्रमाण पत्र बनाने में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

वहीं जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले में योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एचपीवी वैक्सीनेशन, निक्षय पोषण योजना और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की जानकारी ली गई। इसके अलावा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरण, आयुष्मान योजना और पीएम आवास योजना शहरी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

राजस्व मामलों में तहसीलवार विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार और आधार प्रविष्टि समेत अन्य प्रकरणों की जानकारी ली गई।

इसके साथ ही पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, बालेश्वर राम और के.एस. पैकरा, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।