Home छत्तीसगढ़ NH-130 की सड़क बदहाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कब होगा मरम्मत...

NH-130 की सड़क बदहाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कब होगा मरम्मत कार्य

1
0

मुंगेली :  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को मुंगेली जिले के मदकू पहुंचे। यहां उन्होंने 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये से अधिक की लागत वाले 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत की, जहां उनसे बिलासपुर-जबलपुर NH-130 की बदहाल सड़क और राज्य सरकार द्वारा शासकीय विमान खरीदने को लेकर सवाल किए गए।

NH-130 की बदहाली पर CM साय ने क्या कहा?

बिलासपुर-जबलपुर NH-130 के मुंगेली जिले से गुजरने वाले हिस्से की खराब स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया गया। इस पर सीएम साय ने कहा कि फिलहाल बरसात का मौसम होने के कारण सड़क की स्थिति प्रभावित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात का मौसम खत्म होने के बाद सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।

सरकारी विमान खरीदने पर भी आया सवाल

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शासकीय विमान खरीदे जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी सरकारी विमान खरीदने की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया गया।

इस पर सीएम साय ने विमान खरीदने और किराए पर लेने के बीच आने वाले खर्च का अंतर बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी विमान खरीदने के बाद उसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी सरकार की ही होगी।

वहीं, यदि विमान किराए पर लिया जाता है तो उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की रहती है।

CM साय बोले- खरीद के साथ मेंटेनेंस का खर्च भी उठाना होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि किराए पर विमान लेने में सरकार को उतना अधिक खर्च नहीं आता, जबकि विमान खरीदने के बाद उसके मेंटेनेंस और अन्य संबंधित खर्चों का भार भी सरकार को उठाना पड़ेगा।

इस तरह मुख्यमंत्री के बयान से फिलहाल विमान खरीदने के बजाय किराए पर विमान लेने से जुड़े खर्च और रखरखाव की जिम्मेदारी के अंतर पर सरकार का पक्ष सामने आया है।

मदकू में 21 विकास कार्यों की सौगात

इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने मदकू में कुल 68.96 करोड़ रुपये के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली और जनसुविधाओं से जुड़ी कई घोषणाएं भी की गईं। इनमें मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर और सरगांव में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा प्रमुख है।