Home छत्तीसगढ़ चरित्र पर शक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार! पत्नी समेत दो बच्चों...

चरित्र पर शक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार! पत्नी समेत दो बच्चों की हत्या, आरोपी पति ने खुद को भी मारा चाकू

1
0

रायपुर :  राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहू पारा में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर चरित्र पर संदेह को लेकर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर जान देने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामला माना थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू डुमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रह रहा था। देर रात विवाद के बाद उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर चाकू से हमला किया।

पत्नी और दोनों बच्चों की मौत

हमले में पत्नी और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक, तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद पर भी चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया। उसकी हालत को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

घटनास्थल सील, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों तथा विवाद की वजहों की पड़ताल की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में चरित्र पर संदेह को विवाद की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और आगे सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही स्पष्ट होगी।