दंतेवाड़ा : जिले के फरसपाल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने कथित तौर पर टंगिया से वार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
रात में कमरे में ले गया था चाचा
पुलिस के अनुसार, मिडकुलनार स्कूलपारा निवासी 25 वर्षीय रंजीत भोगामी ने 27 सितंबर 2026 को फरसपाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 26 सितंबर की रात करीब 11 बजे उसका चाचा मुन्ना भोगामी उसके पिता पिसो भोगामी को आवाज देकर कमरे के अंदर ले गया था।
सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो पिसो भोगामी मृत अवस्था में पड़े थे। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताई वारदात की वजह
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्ध मुन्ना भोगामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जबरन घर में प्रवेश कर अंदर से कुंडी लगाने की कोशिश कर रहा था, जिसका पिसो भोगामी ने विरोध किया।
पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पहले से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर आवेश में आकर टंगिया से वार कर दिया, जिससे पिसो भोगामी की मौत हो गई।
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मामले में फरसपाल थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी मुन्ना भोगामी पिता लक्ष्मण भोगामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी मिडकुलनार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खुंटे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आकांक्षा ठाकुर और थाना प्रभारी एएसआई राजकुमार प्रधान के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सउनि विनोद कुमार एक्का सहित फरसपाल थाना पुलिस के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



