Home छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा में 10.680 टन चोरी का लोहा बरामद, पिकअप समेत 2 गिरफ्तार

दंतेवाड़ा में 10.680 टन चोरी का लोहा बरामद, पिकअप समेत 2 गिरफ्तार

4
0

दंतेवाड़ा/बचेली : बचेली पुलिस ने चोरी के लोहे के स्क्रैप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.680 टन स्क्रैप बरामद किया है। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को जब्त करने के साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्क्रैप में लोहे के रॉड, क्रेशर रोलर, गियर बॉक्स, बेयरिंग, चैनल-एंगल और नट-बोल्ट समेत अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बचेली के हिलटॉप होटल के पास एक पिकअप वाहन में संदिग्ध रूप से चोरी का कबाड़ लदा हुआ है। सूचना के आधार पर बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और CG 18 S 6590 नंबर के पिकअप वाहन की जांच की।

जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिला। पुलिस द्वारा सामान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन और उसमें लदे स्क्रैप को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीयूष मुखर्जी (35), निवासी पुराना मार्केट बचेली और रघु मरकाम (22), निवासी पुराना मार्केट बचेली को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNSS की धारा 35(1)(E) और BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

10.680 टन स्क्रैप में क्या-क्या मिला?

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 10.680 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया। इसमें—

लोहे के रॉड

क्रेशर रोलर

गियर बॉक्स

बेयरिंग

चैनल-एंगल

नट-बोल्ट

अन्य लोहे का स्क्रैप शामिल है।

पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में बचेली पुलिस द्वारा कबाड़ कारोबार से जुड़े संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई जारी है।