कांकेर : जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-गांव जिला स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम मोदे में जिला स्तरीय शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।
शिविर में आदिवासी संस्कृति की झलक उस समय देखने को मिली, जब ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ मांदरी नृत्य करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार का स्वागत किया।
ग्रामीणों का नृत्य देख उत्साहित हुए कलेक्टर
ग्रामीण युवाओं को पारंपरिक वेशभूषा और मांदरी नृत्य की धुन पर थिरकते देख कलेक्टर कुंदन कुमार भी उत्साहित नजर आए। माहौल में ग्रामीण संस्कृति और उत्सव का रंग घुल गया।
कुछ देर बाद कलेक्टर खुद को नृत्य में शामिल होने से रोक नहीं पाए। उन्होंने ग्रामीण युवाओं के साथ मांदरी नृत्य में कदम से कदम मिलाया और उनके साथ जमकर थिरके।
कलेक्टर को अपने बीच नाचता देख बढ़ा उत्साह
कलेक्टर को ग्रामीणों के साथ पारंपरिक नृत्य करते देख शिविर में मौजूद लोगों में भी उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों और अधिकारियों ने भी इस पल का आनंद लिया।
सेवा संकल्प अभियान के शिविर में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच यह सहज संवाद और स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव चर्चा का विषय रहा।



