Home छत्तीसगढ़ मोबाइल पर घंटों बात करने का शक पड़ा भारी, प्रेमी ने प्रेमिका...

मोबाइल पर घंटों बात करने का शक पड़ा भारी, प्रेमी ने प्रेमिका पर चला दिया चाकू

1
0

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने युवती के घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बालाजी राइस मिल में साथ करते हैं काम

पुलिस के मुताबिक घायल युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोंडागांव की रहने वाली है और कुरूद क्षेत्र स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती है। आरोपी युवक की पहचान दिलेश्वर, निवासी भाटा गांव के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों एक ही जगह काम करते हैं।

मोबाइल रिचार्ज को लेकर था विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, दिलेश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल पर रिचार्ज करवाता था। इसी दौरान उसे कथित तौर पर शक हुआ कि रिचार्ज के जरिए अनीता किसी अन्य व्यक्ति से लंबे समय तक बातचीत करती है।

इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के बाद दिलेश्वर अनीता के घर पहुंचा और वहां चाकू से उस पर हमला कर दिया।

कमर और जांघ समेत कई जगह चोट

चाकू के हमले में युवती के कमर, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद उसे तत्काल कुरूद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे आगे के उपचार के लिए धमतरी के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में घटना के कारणों और पूरे विवाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।