Home क्राइम मकान मालिक पर 6 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, पहले...

मकान मालिक पर 6 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, पहले भी गलत हरकत की कोशिश का दावा; पुलिस ने दबोचा

1
0

दुर्ग :खुर्सीपार थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ आरोपी के मकान में किराए पर रहती है। पुलिस के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर 45 वर्षीय मकान मालिक को हिरासत में लिया गया है।

पहले भी गलत हरकत की कोशिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिजनों ने आरोपी पर पहले से ही मासूम पर गलत नजर रखने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश कर चुका था, हालांकि उस समय वह कथित तौर पर अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका।

बच्ची की तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल ले गए परिजन

एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, परिजनों ने पुलिस को बताया कि 2 अक्टूबर को आरोपी ने मौका पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी स्थिति देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

चिकित्सकीय जांच के दौरान यौन शोषण की आशंका सामने आने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए खुर्सीपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

एफआईआर के बाद आरोपी हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 3 अक्टूबर को आरोपी को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल पुलिस बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट समेत मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बच्ची की सुरक्षा एवं चिकित्सकीय देखभाल पर भी ध्यान दिया जा रहा है।