आरंग : रायपुर जोन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत आरंग पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 2 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
बस से उतरकर पैदल गांव जा रही थी महिला
पुलिस को सूचना मिली थी कि भानसोज निवासी 50 वर्षीय मनचली दिवरा गांजा लेकर आरंग कॉलेज चौक से अपने गांव की ओर जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ आरंग-कलई रोड स्थित वाटर हार्वेस्टिंग के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए की महिला वहां पहुंची। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान थैले के अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट मिले।
दो पैकेट में निकला 2 किलो गांजा
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों पैकेटों का वजन कराया। इसमें कुल 2 किलो गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुली पूरी सप्लाई चेन
महिला से पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजा तस्करी से जुड़े दो अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, मनचली ने बताया कि वह गांजा ग्राम पारागांव निवासी सुखनंदन बंजारे से लेकर आई थी और इसे ग्राम गुल्लू निवासी वेदराम लोधी को देने जा रही थी।
महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सुखनंदन बंजारे और वेदराम लोधी ने भी मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की।
तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। मनचली दिवरा पूर्व में थाना तेलीबांधा में दर्ज धारा 34(2) आबकारी एक्ट के मामले में जेल जा चुकी है।
वहीं वेदराम लोधी के खिलाफ आरंग थाने में आबकारी एक्ट का मामला दर्ज रह चुका है। उसके खिलाफ मारपीट के तीन प्रकरण भी दर्ज हैं। सुखनंदन बंजारे के खिलाफ भी मारपीट के दो पुराने मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



