बीजापुर: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत जिले में सड़क निर्माण और भुगतान से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में चार अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच अभी जारी है।
PMGSY के कार्यपालन अभियंता रूपेंद्र भूआर्य ने बताया कि अधिक भुगतान और सड़क निर्माण में सामने आई अनियमितताओं को लेकर शासन स्तर से विभाग के चार अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
चार अधिकारी-कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मामले में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता सुरेश नागेश, एसडीओ मुविष लहरे, सुरेश बांदे और सतानंद महिकवार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
PMGSY के तहत जिले में विभिन्न सड़कों के निर्माण और उससे जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, भुगतान तथा अन्य प्रक्रियाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। इन्हीं शिकायतों की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है।
ठेकेदारों पर भी कार्रवाई की तैयारी
विभाग के अनुसार, जांच के दायरे में उन ठेकेदारों को भी शामिल किया जा रहा है, जिनकी भूमिका मामले में सामने आती है। संबंधित ठेकेदारों से राशि की रिकवरी के साथ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
जांच जारी, आगे और कार्रवाई के संकेत
चार अधिकारी-कर्मचारियों के निलंबन के बाद अब विभागीय जांच पर नजरें टिकी हुई हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल विभाग द्वारा निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और सड़क निर्माण, भुगतान तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच जारी है।



