Home छत्तीसगढ़ रेलवे ट्रैक की 36 कटी पटरी बरामद, साथ में गैस कटर और...

रेलवे ट्रैक की 36 कटी पटरी बरामद, साथ में गैस कटर और सिलेंडर; पुलिस को बड़े नेटवर्क का शक

4
0

कटघोरा : छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन से जुड़ी रेलवे पटरी की चोरी का मामला सामने आया है। कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव में पुलिस ने एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है।

पुलिस ने मौके से रेलवे पटरी के अलावा चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे का सामान मिलने के बाद पुलिस अब इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की आशंका को लेकर जांच कर रही है।

किराए के मकान में छिपाकर रखा था रेलवे का सामान

मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नाम के युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत चल रहे नई रेल लाइन के काम में लगी एक निजी कंपनी से जुड़ा हुआ था।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम ने किराए के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां रेलवे की कटी हुई पटरी बड़ी मात्रा में बरामद हुई। इसके साथ ही पटरी काटने में इस्तेमाल होने वाले गैस कटर और सिलेंडर भी मिले।

पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार

पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रेलवे पटरी कहां से लाई गई, इसे काटने में कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी के माल को कहां खपाने की तैयारी थी, जैसे कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।

रेलवे और कंपनी के अधिकारियों को दी सूचना

जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के मुताबिक, मौके से रेलवे का सामान बरामद हुआ है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित रेलवे विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है। नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर बरामद सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

सीमावर्ती इलाकों में माल खपाने की आशंका

इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे की पटरी बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे केवल स्थानीय स्तर की चोरी नहीं, बल्कि चोरी के माल को सीमावर्ती इलाकों में खपाने वाला नेटवर्क भी हो सकता है। हालांकि इस संबंध में तस्वीर आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही साफ होगी।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि बरबसपुर के किराए के मकान से 6,480 किलो वजनी 36 नग रेलवे पटरी बरामद की गई है। इसके अलावा चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।