Home छत्तीसगढ़ रायपुर बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, 35.7 डिग्री पहुंचा पारा; मौसम...

रायपुर बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, 35.7 डिग्री पहुंचा पारा; मौसम विभाग ने दिया ये अपडेट

1
0

रायपुर : छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगभग हो चुकी है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कई शहरों में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना कम है। हालांकि, इसके बाद प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

 रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर

पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव में 35.5 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 34.8 डिग्री और रायगढ़ में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, न्यूनतम तापमान के मामले में पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि में प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान जताया है।

मानसून की वापसी जारी, आगे बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इधर, ओडिशा के मध्य भागों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।