घर-परिवार से दूर रहकर दूसरे राज्यों में मेहनत-मजदूरी करने वाले बिहार के लोगों के लिए भारतीय रेल सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। भारतीय रेल इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए अपने यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव देना चाहती है ताकि वे दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों पर आराम से यात्रा कर अपने घर पहुंच सकें। इसी कड़ी में भारतीय रेल ने मधुबनी जिले के जयनगर और सूरत जिले के उधना के बीच 2-2 अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।
दोनों ही ट्रेनों में होंगे 8 स्लीपर और 11 जनरल क्लास के डिब्बे
उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि जयनगर और उधना के बीच चलने वाली ये दोनों अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें पूरी तरह से अनारक्षित होंगी और इनमें सफर करने के लिए रिजर्वेशन कराने की कोई जरूरत नहीं होगी। इन दोनों ही ट्रेनों में 8 स्लीपर, 11 जनरल, 1 एसएलआरडी और 1 पैंट्री कार समेत कुल 22 डिब्बे होंगे।
एक ही दिन अलग-अलग समय पर चलेंगी दोनों ट्रेनें
उधना से जयनगर तक चलने वाली ये दोनों ही अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें 18 और 25 अक्टूबर को रविवार को चलेंगी। इसी तरह, जयनगर से उधना तक चलने वाली ये दोनों ही अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें 20 और 27 अक्टूबर को मंगलवार को चलेंगी। लेकिन, इनका समय अलग-अलग होगा।
एक ही रूट पर चलेंगी दोनों ट्रेनें, एक जैसे होंगे सभी स्टॉपेज
रेलवे के मुताबिक, ये दोनों ही स्पेशल ट्रेनें एक ही रूट पर चलाई जाएंगी और ये दोनों ही ट्रेनें वडोदरा, रतलाम, नागदा, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी रेलवे स्टेशनों पर रुकेंगी।

ट्रेन नंबर- 09073/09074, उधना-जयनगर
ट्रेन नंबर- 09073, उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल ट्रेन, रविवार सुबह 09:50 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को सुबह 05:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 09074, जयनगर-उधना अमृत भारत स्पेशल ट्रेन मंगलवार को सुबह 09:00 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और गुरुवार को 07:30 बजे उधना पहुंचेगी।

ट्रेन नंबर- 09071/09072, उधना-जयनगर
ट्रेन नंबर- 09071, उधना-जयनगर अमृत भारत स्पेशल ट्रेन, रविवार दोपहर 15:45 बजे उधना से प्रस्थान करेगी और मंगलवार को 11:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 09072, जयनगर-उधना अमृत भारत स्पेशल ट्रेन मंगलवार को दोपहर 13:30 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और गुरुवार को 08:30 बजे उधना पहुंचेगी।



