नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि बार-बार सार्वजनिक शांति भंग करने और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भड़काने की कोशिशों को ध्यान में रखते हुए आशुतोष रांका, सौरव दास और आजिंक्य शिंदे को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, आजिंक्य को पांच हजार के श्योरिटी बांड को भरने के बाद जमानत दे दी गई है।
उन्हें उस समय 10 अक्टूबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर से ही अभिजीत दीपके के साथ हिरासत में लिया गया था।
हालांकि, मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर अनधिकृत प्रदर्शन करने के बाद उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
कुल 14 प्रदर्शनकारियों पर दर्ज की गई थी एफआईआर
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्यों द्वारा जंतर-मंतर पर किए गए प्रदर्शन को लेकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस मामले में सौरव दास, आशुतोष रांका और आजिंक्य सहित 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
इन तीनों को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई हुई। अदालत ने बार-बार कानून तोड़ने और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका को देखते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में भेज दिया।
वहीं, आजिंक्य शिंदे को 5000 रुपये के निजी मुचलके और श्योरिटी बांड भरने के बाद 6 महीने तक शांति और अच्छा आचरण बनाए रखने की शर्त पर जमानत पर छोड़ दिया।



