Home छत्तीसगढ़ सक्ती में मतदाता सूची अभियान: 5,546 नए नाम जुड़े, जानें पूरी जानकारी

सक्ती में मतदाता सूची अभियान: 5,546 नए नाम जुड़े, जानें पूरी जानकारी

4
0

सक्ती: जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 13 अक्टूबर 2026 तक जिले में 5,546 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए ऐसे नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है, जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।

7.29 लाख से घटकर 6.70 लाख रह गई मतदाताओं की संख्या

कलेक्टर जयश्री जैन ने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले कुल 7,29,853 मतदाता दर्ज थे। वहीं, SIR के अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की संख्या 6,70,283 रही।

पुनरीक्षण के दौरान कुल 68,901 एएसडी (ASD) मतदाताओं के संबंध में जानकारी सामने आई। इनमें 21,032 मृत, 33,971 स्थानांतरित, 9,020 अनुपस्थित, 4,756 दोहरे नाम वाले और 122 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल थे। प्रशासन के अनुसार, SIR के बाद 13 अक्टूबर 2026 तक 5,546 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा चुके हैं।

हर शुक्रवार और शनिवार को लगेंगे विशेष शिविर

मतदाता पंजीकरण को आसान बनाने के लिए जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा हर सप्ताह शुक्रवार और शनिवार को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से BLO को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। अब वे अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दे रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई। पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

17 साल से अधिक उम्र के युवाओं पर भी ध्यान

जिले में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिला, विधानसभा, विकासखंड, संकुल और मतदान केंद्र स्तर पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

नुक्कड़ नाटक, रैली और रंगोली से किया जा रहा जागरूक

मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक, रंगोली, रैली, बैनर और पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी के प्रति जागरूक करना है।

718 BLO और निर्वाचन अधिकारी कर रहे मदद

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या पंजीकरण से जुड़ी किसी समस्या के समाधान के लिए जिले में 718 बूथ लेवल अधिकारी (BLO), 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) उपलब्ध हैं। नागरिक इन अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, निर्वाचन कार्यालय के सहायक प्रोग्रामर श्रवण गभेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।