Home छत्तीसगढ़ Dantewada News: बचेली में जुआ खेलते 4 गिरफ्तार, ₹18,750 नकद और 4...

Dantewada News: बचेली में जुआ खेलते 4 गिरफ्तार, ₹18,750 नकद और 4 वाहन जब्त

1
0

बचेली/दंतेवाड़ा : दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बचेली थाना पुलिस ने ग्राम नेरली में जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹18,750 नकद, ताश के 52 पत्ते और चार दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

बताया गया कि बचेली पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नेरली में जंगल नाले के किनारे कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • सुनील तेलाम — निवासी धुरली, थाना भांसी
  • शंकर लाल — निवासी मैलावाड़ा तरलापारा, थाना कुआकोंडा
  • दीपक मंडावी — निवासी किलेपाल, वर्तमान निवास रेलवे कॉलोनी, बचेली
  • विनोद लखेरा — निवासी बैंक कॉलोनी, बचेली

नकदी, ताश और चार वाहन जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹18,750 नकद, ताश के 52 पत्ते और दो प्लास्टिक चटाइयां जब्त की हैं। इसके अलावा चार दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जब्त वाहनों में अपाचे (CG 18 S 7078), होंडा (CG 18 M 2701), बिना नंबर की यामाहा क्रक्स और स्कूटी (CG 18 S 2620) शामिल हैं।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना बचेली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।