कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों ने SECL कॉलोनी स्थित एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बंगला नंबर D-03 में हुई इस वारदात में करीब 4 से 5 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित क्वार्टर SECL के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का है, जो पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर में रह रहे हैं। मकान लंबे समय से खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी में रखे सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
सुबह पहुंची महिला तो टूटा मिला ताला
बताया गया है कि अगली सुबह क्वार्टर में साफ-सफाई का काम करने वाली महिला वहां पहुंची तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर अलमारी खुली और कपड़े व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई।
महिला के बेटे से जुड़े पहलू की भी जांच
जानकारी के मुताबिक, क्वार्टर में साफ-सफाई करने वाली महिला का बेटा रूपेन्द्र पिछले 11 दिनों से वहां सो रहा था। हालांकि, चोरी की घटना वाली रात वह क्वार्टर में मौजूद नहीं था। पुलिस इस तथ्य समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मानिकपुर चौकी पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर मामले का सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, चोरी के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



