Home छत्तीसगढ़ लोरमी में महाष्टमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़, पुलिस ने थाना परिसर...

लोरमी में महाष्टमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़, पुलिस ने थाना परिसर में कराया भव्य भंडारा

4
0

लोरमी : शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी पर लोरमी में देवी आराधना और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर के प्राचीन महामाया मंदिर सहित विभिन्न दुर्गा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते रहे। मंदिरों और पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। इस बीच लोरमी पुलिस ने भी सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए थाना परिसर में स्थापित मां दुर्गा के पंडाल में भव्य भंडारा आयोजित किया।

महामाया मंदिर में सुबह से जुटे श्रद्धालु

महाष्टमी के अवसर पर लोरमी के ऐतिहासिक सिद्धपीठ प्राचीन महामाया मंदिर में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नगर के विभिन्न सार्वजनिक दुर्गा पंडालों में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। हवन और महाआरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

लोरमी थाना परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन

नवरात्रि के पावन अवसर पर लोरमी पुलिस की ओर से थाना परिसर में सेवा का आयोजन किया गया। लोरमी थाना ग्राउंड में स्थापित मां जगजननी के पंडाल में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य भंडारा कराया गया। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

पुलिस अधिकारियों ने स्वयं बांटा महाप्रसाद

भंडारे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी धीरही, लोरमी थाना प्रभारी पवन देवांगन और थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया।

पुलिसकर्मियों को धार्मिक आयोजन में सेवा करते देख स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। इस पहल के जरिए पुलिस ने धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।