Home छत्तीसगढ़ कारखाने के सर्वे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- किसी भी सूरत...

कारखाने के सर्वे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- किसी भी सूरत में उद्योग नहीं लगने देंगे

4
0

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में औद्योगिक कारखाने के लिए सर्वे कराए जाने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। भाटापारा विकासखंड के ग्राम धौराभाठा और सेम्हराडीह के सैकड़ों ग्रामीण बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रस्तावित औद्योगिक गतिविधियों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर संबंधित क्षेत्र में उद्योग स्थापित किए जाने का विरोध किया।

सर्वे में औद्योगिक प्रयोजन का उल्लेख, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों के मुताबिक, गांवों में पटवारी और राजस्व निरीक्षक द्वारा सर्वे किया जा रहा था। जब उन्होंने सर्वे का उद्देश्य पूछा, तो शुरुआत में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। ग्रामीणों का दावा है कि बाद में उन्हें बताया गया कि सर्वे औद्योगिक प्रयोजन के लिए किया जा रहा है।

ग्रामीणों के हाथ लगे एक आवेदन में भी औद्योगिक प्रयोजन के लिए सर्वे का उल्लेख होने की बात सामने आई है। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया। उनका कहना है कि वे अपने गांवों में उद्योग स्थापित किए जाने के पक्ष में नहीं हैं और इस संबंध में अपनी आपत्ति प्रशासन तक पहुंचाते रहेंगे।

कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

धौराभाठा और सेम्हराडीह के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सर्वे के उद्देश्य और आगे की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि संबंधित क्षेत्र में उद्योग लगाने की किसी भी योजना का वे विरोध करेंगे।

हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक उद्योग स्थापना को अंतिम रूप दिए जाने की पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल सर्वे की रिपोर्ट आने और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होने का इंतजार है।

अपर कलेक्टर बोलीं- अभी जिला कार्यालय को नहीं मिली रिपोर्ट

मामले में अपर कलेक्टर निशा मंडावी ने बताया कि धौराभाठा और सेम्हराडीह के ग्रामीणों ने बुधवार को आवेदन दिया है। उनके अनुसार, एसडीएम भाटापारा के माध्यम से शासकीय जमीन का सर्वे कराया गया है, लेकिन इसकी रिपोर्ट अभी जिला कार्यालय को प्राप्त नहीं हुई है।

अपर कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों का आवेदन ले लिया गया है। आगे जो भी कार्रवाई होगी, उसकी जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी।

फिलहाल, इस मामले में ग्रामीणों की आपत्तियों और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।