Home छत्तीसगढ़ VIP चौक पर स्कूटी को कंटेनर ने लिया चपेट में, महिला की...

VIP चौक पर स्कूटी को कंटेनर ने लिया चपेट में, महिला की मौत; चालक फरार

2
0

रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित VIP चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी 8 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मां-बेटी को कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पचपेड़ी नाका से टेमरी जा रही थीं मां-बेटी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर पचपेड़ी नाका से टेमरी गांव जा रही थीं। इसी दौरान तेलीबांधा के VIP चौक पर उनकी स्कूटी कंटेनर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची बुरी तरह घायल हो गई।

घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कंटेनर छोड़कर फरार हुआ चालक

दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।