रायपुर : छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में तैयारियां तेज करने का संदेश दिया है। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग चरणों में बैठकें कीं। इन बैठकों में सांगठनिक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और ‘मिशन-2028’ को लेकर चर्चा हुई।
बैठकों को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। उन्होंने पार्टी की राजनीति में शुचिता, सादगी और मूल्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
‘मिशन-2028’ के लिए बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर
स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता ‘मिशन-2028’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने ‘मिशन-2028’ को केवल चुनावी लक्ष्य तक सीमित नहीं बताते हुए इसे छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन से जुड़ा संकल्प बताया। ईरानी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए केवल चुनावी रणनीति पर्याप्त नहीं होती, बल्कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम, जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव और संगठन की मजबूती भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्वजों के त्याग तथा राष्ट्रसेवा को आदर्श मानते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की बात कही।
पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा, आगामी रणनीति पर मंथन
भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को कई चरणों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के साथ हुई।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई। इसके बाद शाम 3:30 से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। वहीं, शाम 7 से रात 8:30 बजे तक निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक लक्ष्यों और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
स्वागत में भी सादगी का संदेश
स्मृति ईरानी और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से स्वागत में सादगी पर जोर दिया गया। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शहर में बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए पार्टी के ध्वजों के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया गया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के संस्थापक एवं वरिष्ठ नेताओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
रविवार को आयोजित बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी तथा डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान हुई बैठकों में संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा और आगामी लक्ष्यों पर चर्चा प्रमुख रही। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया।



