दुर्ग : दुर्ग जिले में एसआईआर के तहत मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस ने सरकार और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका की प्रारंभिक मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के वार्ड बदलने का दावा किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आपत्तियों का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता कर बताया कि भिलाई नगर निगम में वार्ड 3 से 5 में 192, वार्ड 5 से 3 में 493, वार्ड 9 से 10 में 721 और वार्ड 9 से 11 में 556 मतदाताओं को स्थानांतरित किया गया है। इसी तरह वार्ड 15 से 14 में 232, वार्ड 17 से 18 में 316 और वार्ड 59 से 60 में 228 मतदाताओं के नाम स्थानांतरित होने का दावा किया गया। रिसाली में भी वार्ड 3 से 4 में 250, वार्ड 25 से 24 में 358 और वार्ड 26 से 31 में 416 मतदाताओं के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया गया।
उन्होंने भिलाई-चरोदा में वार्ड 2 से 3 में 202 और वार्ड 22 से 23 में 304 मतदाताओं के नाम जाने का दावा किया गया। वहीं जामुल के वार्ड 20 से 19 में 196 मतदाताओं के स्थानांतरण का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर तक आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ चेतावनी दी कि यदि आपत्तियों का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।



